तिलहर। मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 341 मरम्मत कार्य के लिए जल्द बंद होने की संभावना है। इसे देखते हुए एसडीएम सदानंद सरोज ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधिमंडल के साथ बुधवार को वैकल्पिक मार्ग का जायजा लेकर उसकी तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
कसरक से हुलासनगरा को जोड़ने वाले मार्ग का उपयोग फाटक बंद होने के बाद मुख्य रास्ते के रूप में किया जाना प्रस्तावित है। पिछले दिनाें रेलवे और सेतु निगम के अधिकारियों ने भाकियू के पदाधिकारियों के साथ मार्ग का जायजा लिया था। उस दौरान सड़क की हालत बेहद खराब पाई गई थी।
इसी क्रम में एसडीएम ने फिर मौके पर जाकर मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कसरक मोड़ पर टूटी पुलिया भी देखी और उसकी मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जब तक वैकल्पिक मार्ग आवागमन के योग्य नहीं हो जाता, रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संवाद