परौर। चौकिया साधन सहकारी समिति में बुधवार को यूरिया लेने पहुंचे किसानों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। लेखाकार चंद्रहास मिश्रा यूरिया बांटने के बजाय जरूरी काम बताकर बैंक चले गए और किसान दिनभर समिति के चक्कर काटते रहे। बाद में किसानों को खाली हाथ मायूस लौटना पड़ा।
चौकिया समिति पर जिन किसानों ने आधार कार्ड और जमीन के कागजातों का सत्यापन कराकर भुगतान जमा कर दिया है, उन्हें समिति से टोकन जारी कर यूरिया लेने के लिए बुलाया गया था। इस कारण सुबह से किसान चक्कर लगाने लगे। इससे पहले समिति के नोटिस बोर्ड पर लेखाकार यह सूचना चस्पा कराकर चले गए कि वह समिति के जरूरी काम से बैंक जा रहे हैं, इसलिए आज यूरिया वितरण नहीं हो सकेगा।
इसे लेकर किसानों ने नाराजगी जताई तो समिति के कर्मचारियों ने उन्हें यूरिया लेने के लिए बृहस्पतिवार को आने के लिए कहा। समिति के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि बैंक का काम जरूरी होने के कारण लेखाकार को वहां भेजा गया। उन्होंने कहा कि किसानों को निराश होने की जरूरत नहीं है क्योंकि समिति के स्टॉक में 600 बोरी यूरिया उपलब्ध है और बृहस्पतिवार को सुबह से उसका वितरण कराया जाएगा। संवाद