हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान तिलहर क्षेत्र के फ्लाईंग मजिस्ट्रेट ने एक जीप से 69 हजार रुपये बरामद किए। रकम के संबंध में कोई कागजात पेश न कर पाने पर मजिस्ट्रेट ने रकम सीज कर दी। फ्लाईंग मजिस्ट्रेट श्रीकृष्ण ने बताया कि शनिवार शाम लगभग चार बजे हाईवे पर सरऊ पुलिया के समीप शिव शक्ति पेट्रोल पंप के पास शाहजहांपुर से बरेली जा रही जीप की चेकिंग करने पर उसमें बैठे लोगों के पास से 69 हजार रुपये बरामद हुए। रुपयों का विवरण न दे पाने पर एसडीएम पदम सिंह के निर्देश पर रकम सीज कर दी गई। उधर, जीप में सवार मुरादाबाद की इंदिरा कॉलोनी निवासी वर्तन व्यापारी पुनीत बसंल ने बताया कि उनकी शाहजहांपुर के गांव नियामतपुर में लगभग 35 बीघा जमीन है। वह अपने बटाईदार से फसल की बिक्री का पैसा लेकर लौट रहे थे। उनके साथ मुरादाबाद निवासी महेशचंद्र और मिलक निवासी ड्राइवर दिनेश शर्मा था।