प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के लिए रोजा की रेलवे जमीन का निरीक्षण करते जिलाधिकारी इंद्र वि?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। इसी माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनपद में संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अमला जनसभा की तैैयारियाें में जुटा है। हालांकि, अभी प्रधानमंत्री के स्थानीय कार्यक्रम की कोई तिथि तय नहीं हुई है। शनिवार दोपहर डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने एसपी एस. आनंद और अन्य अधिकारियों के साथ रोजा में कृषि उत्पादन मंडी समिति के ठीक सामने उत्तर रेलवे के मैदान का निरीक्षण किया।
दो वर्ष पहले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भी प्रधानमंत्री मोदी रोजा मंडी के सामने रेलवे के इसी मैदान पर जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। खास यह है कि इस बार अधिकारियों ने भाजपा नेताओं से राय मशविरा करके प्रधानमंत्री की जनसभा जलालाबाद क्षेत्र में कराने की योजना बनाई थी, क्योंकि उसी क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे और उसकी हवाई पट्टी बनाई जानी है।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसके लिए डीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय अधिकारियों ने वहां के कई मैदानों का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब अधिकारियों ने वीवीआईपी की जनसभा के लिए शहर के करीब उचित स्थान तलाशना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि जलालाबाद क्षेत्र में कोलाघाट का पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण कलान, मिर्जापुर, उसावां, बदायूं आदि स्थानों का आवागमन प्रभावित हो गया है। अधिकारियों के अनुसार अति विशिष्ट कार्यक्रम के लिए ऐसा स्थल देखा जा रहा है, जहां तक आसपास के सभी क्षेत्रों के लोगों की आसानी से पहुंच हो सके।
इस कसौटी पर रोजा मंडी के सामने रेलवे का 915 एकड़ का मैदान उपयुक्त माना जा रहा है, क्योंकि वहां सुरक्षा के लिहाज से कई गेट बनाए जा सकेंगे और वाहनों की पार्किंग के लिए रेलवे साइडिंग एरिया में भी पर्याप्त जगह है। रेलवे मैदान का भ्रमण करने के बाद अधिकारियों ने रेलवे साइडिंग की जमीन का भी निरीक्षण किया। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी के अनुसार अभी वीवीआईपी का कार्यक्रम नहीं मिला, लेकिन जरूरी व्यवस्थाएं अभी से की जा रही हैं। इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, एसडीएम सदर दशरथ कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।