खुटार के गांव तुलापुर के पास मिला जंगली बिल्ली का शावक देखते रेंजर। स्रोत रेंजर
खुटार। वन्य पशु के शावक को देखकर रविवार सुबह चर्चा फैल गई कि खेत में बाघिन मौजूद है। उसके साथ शावक भी हैं। बाद में जांच की गई तो जंगली बिल्ली के बच्चे पाए गए।
गांव तुलापुर निवासी लालाराम शर्मा, रिंकू पांडे, निर्भय चंद्र आदि ने बताया कि रविवार की सुबह वह लोग खेत पर गए थे। इस दौरान बाघिन के शावक दिखाई दिए। एक शावक गन्ने से बाहर निकल आया। खेत के पास कुत्ते भी मौजूद थे। कुत्ते दौड़े तो लोगों ने वन कर्मियों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गांव कोल्हूगाढ़ा के प्रधान जीत शुक्ला ने रेंजर को जानकारी दी।
इसके बाद रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शावक को देखने के बाद लोगों को बताया कि जंगली बिल्ली के बच्चे थे। अन्य दो शावकों की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिले। जंगली बिल्ली भी नहीं मिली है।
रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि टीम लगातार क्षेत्र में कांबिंग कर रही है। अन्य दो बच्चों की खोज नहीं हो सकी है। दो शावक पास के जंगल की ओर चले गए हैं। पकड़े गए शावक को मां से मिलाने के लिए जंगल की ओर छोड़ा जाएगा और उस पर निगाह रखी जाएगी।