निगोही। ब्लॉक संसाधन केंद्र निगोही पर चल रहे नवीन पाठयपुस्तक आधारित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी रमेश पंकज ने शिक्षकों को नवीन एवं रोचक विधाओं से पढ़ाकर बच्चों की उपस्थिति विद्यालयों में बढ़ाने के लिए निर्देशित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी एआरपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में विकास क्षेत्र निगोही के प्राथमिक स्तर के 413 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण चार चरणों में संचालित हुआ। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2024- 25 से कक्षा एक व दो के लिए हिंदी, गणित व अंग्रेजी की एनसीईआरटी की पुस्तकों का प्रयोग आदि बिंदु पर शिक्षकों का उन्मुखीकरण किया गया। संदर्भदाता वैभव मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी विद्यालयों का इस वर्ष माह अक्तूबर, दिसंबर तथा अगले वर्ष फरवरी में डायट प्रशिक्षुओं द्वारा तीन चरणों में निपुण एप के माध्यम से आकलन किया जाएगा। आकलन में जिन विद्यालाओं के 80 प्रतिशत बच्चे निपुण होंगे, उन विद्यालयों को निपुण विद्यालय घोषित कर दिया जाएगा। संदर्भदाता ओमप्रकाश वर्मा ने नई शिक्षा नीति 2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2022 के आधार पर तैयार पुस्तिकाओं सारंगी, मृदंग, आनंदमय गणित के प्रभावी प्रयोग पर प्रतिभागियों का उन्मुखीकरण किया गया।
रामौतार व राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला महामंत्री महेंद्र सिंह, जीशान सिद्दीकी, वेदराम, लालमानिक चौधरी, बृजेश कुमार, विष्णु मोहन सक्सेना, गौरव सिंह, प्रभात कुमार, सुशांत तिवारी, आशीष वाजपेयी, विपिन कुमार, सर्वेश यादव, मोहम्मद इस्लाम, जयनेंद्र प्रताप सिंह, सुधा कुमारी, उर्वशी यादव, प्रियंका शर्मा, श्वेता पाल आदि मौजूद रहे।