शोरूम में पैदल पहुंची टीम, बाद में मंगाए रजाई व गद्दे
चौक में स्थित लाला काशीनाथ सेठ ज्वैलर्स शोरूम में आयकर विभाग के अफसर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे पैदल पहुंचे थे। टीम ने अपने वाहन कहीं और खड़े किए। इसके बाद रात में रुकने के लिए शोरूम पर गद्दे और रजाइयां मंगवाई गईं। शोरूम के अंदर मौजूद स्टाफ को भी रोका गया था। बताया जा रहा है कि टीम अंदर सारे अभिलेख जांच रही है। स्टॉक भी चेक किया जा रहा है। दोपहर में टीम के सदस्यों के लिए पानी की बोतल और खाना आया।
आयकर विभाग के स्थानीय अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। लखीमपुर खीरी स्थित शोरूम पर भी आयकर विभाग ने छापा मारा है। स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। टीम के साथ सुरक्षाकर्मी आए हैं। किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। काशीनाथ सेठ का शोरूम काफी पुराना और प्रतिष्ठित है। अभी आयकर विभाग के किसी भी अधिकारी की ओर से बयान जारी नहीं किया गया है।