तिलहर। एलबीजेपी इंटर काॅलेज के मैदान पर तहसीलस्तरीय आनंद सहाय स्मृति वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव शनिवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। प्रतियोगिताओं में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और किसान इंटर कॉलेज सहित अन्य कई स्कूल-कालेजों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। दौड़ स्पर्धा के बालिका वर्ग में रागिनी और बालक वर्ग में अंशुमान विजेता बने।
क्रीड़ा महोत्सव में बालक-बालिकाओं के सीनियर और जूनियर वर्ग में 100, 200, 400 व 800 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले दौड़, शॉटपुट, लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। बालिकाओं के जूनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ सबसे रोमांचक रही।
इस स्पर्धा में रागिनी प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और गौरी तृतीय रहीं। 200 मीटर जूनियर बालक वर्ग में अंशुमान प्रथम, श्याम सचिन द्वितीय और सुभाष तृतीय रहे। इसी तरह भाला फेंक सीनियर बालिका वर्ग में प्रिया प्रथम, प्रियम द्वितीय और आकृति वर्मा तृतीय रहीं।
इससे पूर्व, मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, काॅलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष आईपीएस अधिकारी शिवमुरारी सहाय, उपाध्यक्ष सत्यपाल गंगवार, प्रबंधक गौरव सहाय, शैक्षिक निदेशक डॉ. दिवाकर शर्मा और प्रधानाचार्य बृजपाल ने आयोजन का शुभारंभ किया। विजयी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विजयपाल, इंद्रदेव सिंह, अशोक कुमार, प्रीति देवी आदि शिक्षक और तमाम अभिभावक मौजूद रहे।