शाहजहांपुर। आईजीआरएस रैंकिंग में शाहजहांपुर के 23 थानों को दोबारा प्रदेश में पहला स्थान मिला है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी आईजीआरएस जनसुनवाई–समाधान पोर्टल के माध्यम से राज्य सरकार की ओर से आमजन की समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण तथा पारदर्शी निस्तारण के लिए एक मजबूत प्रणाली विकसित की गई है।
एसपी ने बताया कि प्रत्येक माह मुख्यमंत्री स्वयं सभी जिलों की समीक्षा कर जनपदवार रैंकिंग जारी करते हैं। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जनवरी 2026 में आईजीआरएस पोर्टल पर कुल 2398 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी शिकायतों का संबंधित थानों के माध्यम से समयबद्ध निस्तारण कराया गया।
प्रत्येक रिपोर्ट का स्वयं गहन अवलोकन कर, निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड कराया गया। जनपद के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते प्रदेश स्तर पर लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनपद के सभी 23 थानों 100 प्रतिशत अंक मिले हैं। एसपी ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतकर्ता की समस्या का समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान ही वास्तविक सफलता है।