परिसर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के क्रय केंद्र पर किसान पिछले तीन दिनों से धान लिए पड़े हैं। शुक्रवार को किसानों ने धान तौलने के लिए के लिए दबाव बनाया तो केंद्र प्रभारी ने अभद्रता की। इससे गुस्साए पांच किसान रोजा मंडी गेट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। किसान क्रय केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई और धान की तौल कराने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने दोनों मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया, जिस पर करीब एक घंटे बाद किसान टंकी से नीचे उतरकर आए। इसके बाद क्रय केंद्र प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। एसडीएम ने केंद्र प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
रोजा मंडी में आरएफसी का क्रय केंद्र नर्मदेश्वर किसान प्रड्यूसर कंपनी संचालित कर रही है। ग्राम सतवां खुर्द निवासी अशीष कुमार वर्मा, गुलामखेड़ा के अनिल कुमार, अजीत वर्मा, रजनीश और अवधेश तीन नवंबर को अपने धान लेकर रोजा मंडी स्थित आरएफसी के क्रय केंद्र पहुंचे थे। किसानों का आरोप है कि तीन दिन पड़े रहने के बावजूद उनका धान नहीं तौल गया। बृहस्पतिवार रात इन किसानों ने धान तोलने को कहा तो क्रय केंद्र प्रभारी ने अभद्रता शुरू कर दी। उनके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने किसानों को धानों के साथ उन्हें भी गायब करने की धमकी दे दी। शुक्रवार को क्रय केंद्र बंद रहा। दोपहर तक इंतजार करने के बावजूद तौल शुरू नहीं हुई तो गुस्साए किसान करीब 12 बजे जाकर मंडी गेट के पास स्थित टंकी पर चढ़ गए और हंगामा करने लगे। मौजूद लोगों ने किसानों को टंकी पर चढ़े देखा तो रोजा पुलिस को सूचना दे दी।
किसानों के टंकी पर चढ़ने को पता लगने पर एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह, सीओ सदर महेंद्र सिंह और रोजा इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। अफसरों को देखकर किसान अभद्रता करने वाले क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और धान की तौल कराने की मांग करने लगे। एसडीएम ने बात करना चाही तो टंकी के ऊपर तक आवाज नहीं पहुंची। इसके बाद एसडीएम ने माइक मंगाकर किसानों से बात की। उन्होंने केंद्र प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और धान की तौल कराने का आश्वासन दिया। कहीं तब जाकर एक घंटे बाद पांचों किसान टंकी से नीचे उतरे।
किसानों के साथ मंडी पहुंचे एसडीएम को नदारद मिले प्रभारी
एसडीएम किसानों के साथ रोजा मंडी पहुंचे तो क्रय केंद्र प्रभारी गायब थे। इस पर एसडीएम ने क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। शाम को फोन पर बात करने पर किसानों ने बताया कि अनिल का 40 क्विंटल धान तौल लिया गया है। बाकी किसानों का धान शनिवार को तौलने के लिए कहा है। उधर, क्रय केंद्र चलाने वाली एजेंसी नमर्देश्वर किसान प्रड्यूशन के निदेशक ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारी सौरभ शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। उनके स्थान पर अमित कुमार को क्रय केंद्र प्रभारी रखा गया है।
क्रय केंद्र तीन दिन पहले ही खुला है। पांच किसान लाइन से हटकर अपना धान तुलवाना चाह रहे थे। इसके लिए दबाव बनाने के लिए टंकी पर चढ़ गए, जिन्हें सकुशल नीचे उतार लिया गया। दूसरे केंद्र केंद्र पर उनके धान की तौल करा दी गई है। - सुरेंद्र सिंह, एसडीएम सदर
मंडी सचिव की रिपोर्ट के अनुसार किसानों से कहासुनी होने के समय केंद्र प्रभारी मौजूद नहीं थे। फिर भी सोसाइटी से केंद्र प्रभारी को हटाने के लिए कह दिया गया है। अगर कोई किसान केंद्र प्रभारी के खिलाफ तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - कमलेश पांडेय, डिप्टी आरएमओ