खुटार (शाहजहांपुर)। गांव नवाजपुर में एक आरसीसी रोड पर जलभराव से सड़क तालाब बन गई है। गांव के 50 से अधिक परिवार छह महीने से जलभराव की समस्या से परेशान हैं और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
नवाजपुर के प्राथमिक स्कूल के सामने से गांव में जाने के लिए आरसीसी मार्ग है। मार्ग से कई गलियां भी जुड़ी हैं। घरों के गंदे पानी का निकास न होने के कारण आरसीसी रोड पर जलभराव हो रहा है। सड़क छह माह से तालाब बनी हुई है। गांव के लोगाें ने बताया कि आवागमन में दिक्कत होती हैं। पानी के बीच मिट्टी भरी बोरियां डाली गईं हैं। लोग बोरियों के ऊपर से निकलते हैं। मौसम बदलते ही गांव में मच्छरों की भरमार हो जाएगी और संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
गांव के लोग प्रधान, सचिव, बीडीओ से लेकर एसडीएम तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान न हुआ तो वे लोग डीएम से मिलकर समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
घर के सामने चार माह से जलभराव है। बीमारियां फैलने की आशंका है। बीडीओ से लेकर एसडीएम तक कोई भी सुनने के लिए तैयार नहीं है। इस समस्या से मुक्ति दिलाई जाए।
- विवेक पांडे
सचिव की मिलीभगत के चलते समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जलभराव की शिकायत एसडीएम तक से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
- राजीव पांडे
बच्चों को स्कूल जाने में समस्या होती है। ब्लॉक स्तर पर भी जानकारी है, लेकिन अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। निस्तारण न होने पर आंदोलन करेंगे।
- सुमित सिंह
हम लोगों के घरों तक पानी भर रहा है। बीडीओ से 20 बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। समाधान दिवस में भी शिकायत की, कोई सुनवाई नहीं हुई।
- सोनू सिंह
प्रकरण संज्ञान में आया है। राजस्व और विकास विभाग की टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
- चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां
पुवायां-दातागंज हाईवे पर भर रहा जहानपुर गांव के घरों का पानी
निगोही। तिलहर मार्ग पर विकास खंड के जहानपुर गांव में सफाई कर्मियों की लापरवाही से गांव की नालियां गंदगी से चोक हो गई हैं। इस वजह से वहां के घरों का गंदा पानी गांव के सामने पुवायां-दातागंज स्टेट हाईवे पर भर रहा है।
जहानपुर के ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से गांव में सफाई करने नहीं आ रहा है, जबकि इस बारे में ब्लाॅक कार्यालय के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। नालियों की सफाई नहीं होने से गांव का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से राहगीरों, खासकर महिलाओं और बच्चों को वहां से निकलने में बहुत असुविधा हो रही है। इससे मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का अंदेशा है। क्षेत्र के पंचायत सचिव संजीव सिन्हा के अनुसार वह एसआईआर ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण गांव का जायजा नहीं ले सके, लेकिन संबंधित सफाई कर्मी को नोटिस जारी करके गांव में सफाई करने भेजा जाएगा। संवाद
गांव नवाजपुर में आरसीसी रोड बना तालाब। संवाद
गांव नवाजपुर में आरसीसी रोड बना तालाब। संवाद
गांव नवाजपुर में आरसीसी रोड बना तालाब। संवाद
गांव नवाजपुर में आरसीसी रोड बना तालाब। संवाद
गांव नवाजपुर में आरसीसी रोड बना तालाब। संवाद