शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार में साइबर ठगी के दो मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक मामले में आरोपी ने बैंक कर्मचारी बनकर ठगी की तो दूसरी घटना में यू-ट्यूब पर विज्ञापन दिखाकर ठग लिया।
कैंट एमजी रोड निवासी कुंवरपाल ने बताया कि उन्होंने 17 फरवरी को यू-ट्यूब पर लहंगे खरीदने को लेकर एक विज्ञापन देखा। इसके बाद दिए गए मोबाइल नंबर पर बातचीत की। क्यूआर कोड पर भुगतान कर दिया। कंपनी का प्रोसेस बताते हुए कई बार में 1,95,448 रुपये का भुगतान किया। साइबर ठगी समझ में आने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काॅल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, दूसरी ओर मोहल्ला अंटा निवासी नीरज शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 11 फरवरी की दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच तीन मोबाइल नंबर से काॅल आईं। काॅल करने वाले ने एक बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि क्रेडिट कार्ड आया है। उसकी बात मानकर गूगल क्रोम पर अपनी ईमेल आईडी लिखी। इसके बाद फोन हैक हो गया और उसपर ओटीपी आने लगे।
कुछ समय बाद उनके दो बैंकों के क्रेडिट कार्ड से ट्रांजक्शन होने लगे। करीब दो लाख से अधिक रुपये चले गए। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।