जलालाबाद। आठ दिन पूर्व फर्रुखाबाद हाईवे पर बाइक की टक्कर लगने से घायल हुए 56 वर्षीय मोहल्ला गुनारा निवासी शहाबुद्दीन की सोमवार रात कानपुर ले जाते समय मौत हो गई। उनके परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
गुलाम आले नबी ने बताया कि दो मार्च को पिता शहाबुद्दीन जानवरों के लिए चारा लेने पैदल जा रहे थे। जैसे ही पिता फर्रुखाबाद हाईवे पर बैंक के पास पहुंचे, तभी जलालाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से वह घायल हो गए। बाइक चालक भी डिवाइडर से टकरा गया। दोनों घायलों को पुलिस ने सीएचसी भिजवाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
हालत में सुधार न होने पर पिता को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर सोमवार रात पिता को लेकर कानपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, परिजनों ने बताया कि मृतक की नौ बेटी व एक बेटा है। इनमें पांच बेटी व बेटे की शादी हो चुकी है। शहाबुद्दीन मंडी समिति मे पल्लेदारी करते थे। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
-
ऑटो पलटने से दो महिलाओंं समेत छह लोेग गंभीर रूप से घायल
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। खुदागंज से यात्रियों को लेकर आ रहा एक ऑटो मंगलवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबे के सामने अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ऑटो पर सवार दो महिलाओं समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उनके घरवालों ने कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसे में मोहल्ला इस्लामनगर निवासी ऑटो चालक नईम अहमद मंसूरी समेत भोजपुर गांव के सुशील कुमार दीक्षित, हरदोई जिले के शाहबाद क्षेत्र के गांव कुड़ी निवासी पवन कुमार, उनकी पत्नी शकुंतला देवी, बुजुर्ग मां पुष्पा देवी और भांजे गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सेंगर ने बताया कि हादसे को लेकर पुलिस को कोई तहरीर नहींं मिली है। संवाद