शाहजहांपुर। सदर बाजार की रहने वालीं सुमन शुक्ला के गले से दो लाख रुपये की सोने की चेन ई-रिक्शा में बैठे बहुरूपियों ने चोरी कर ली। वह हरदोई से एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहीं थीं।
सुमन शुक्ला अपने भतीजे के यज्ञोपवीत संस्कार में शामिल होने हरदोई के मोहल्ला सुभाष नगर गईं थीं। जीआईसी चौराहे पर बस से उतरने के बाद उन्होंने सुदामा चौराहा से अपने घर जाने के लिए ई-रिक्शा लिया। उनके ई-रिक्शा में बैठने के बाद पास में खड़े चार-पांच बहुरूपिये भी सवार हो गए। रास्ते में उनकी हरकतों से सुमन शुक्ला परेशान हो गईं।
वह ई-रिक्शा के एक कोने में सिमटकर बैठ गईं। इसी दौरान उनमें से एक बहुरूपिये ने उनके गले में पड़ी डेढ़ तोला सोने की चेन निकाल ली। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को बताया। परिवार वालों ने तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बेटे सौरभ के मुताबिक, उन्होंने सदर थाने में तहरीर दी है। वहीं, सदर थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। संवाद