शाहजहांपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) शाहजहांपुर शाखा की पहली कार्यकारिणी बैठक बुधवार को टाउन हॉल स्थित एक होटल में हुई। बैठक में आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना और संस्था की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। इस दौरान शाखा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज का शुभारंभ भी किया गया। साथ ही चिकित्सकों के खिलाफ बढ़ती हिंसक वारदात पर चिंता जताई गई।
शाखा अध्यक्ष डॉ. नीरज अग्रवाल ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ वार्षिक कार्ययोजना साझा की। उन्होंने चिकित्सकों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और समाज के प्रति संस्था की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया। आधिकारिक सोशल मीडिया पेज का शुभारंभ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, डॉ. जेएम सक्सेना और डॉ. मुनीश चंद्र ने किया। शाखा सचिव डॉ. पुनीत टंडन और कोषाध्यक्ष डॉ. अभिनव रस्तोगी ने आगामी कार्यकाल के वार्षिक गतिविधि कैलेंडर और वित्तीय रूपरेखा की जानकारी दी। बैठक में देशभर में चिकित्सकों पर बढ़ते हमलों और हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई गई। चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई।
इस दौरान डॉ. पीके अग्रवाल, डॉ. राकेश दीक्षित, डॉ. दीपा दीक्षित, डॉ. संजीव कनौजिया, डॉ. रश्मि कनौजिया, डॉ. यूडी कपूर, डॉ. नीना कपूर, डॉ. परविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।