रोशनगंज स्थित अवैध मैरिज लॉन को सील करते हुए टीम। स्रोत:एसडीए
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) के सचिव अजय त्रिपाठी ने रोशनगंज स्थित खान साहब की बगिया में अवैध रूप से संचालित मैरिज लॉन को सील कर दिया।
डीएम के पास शिकायत आने के बाद एसडीए सचिव ने मैरिज लॉन को नोटिस जारी कर अभिलेखों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। मैरिज लॉन संचालक ने बताया कि इसके उनके पास कोई अभिलेख नहीं है और मैरिज लॉन संचालन की कोई अनुमति नहीं ली गई।
संचालक के अनुरोध पर एक सप्ताह का समय दिया गया। इसके बाद भी संचालक कोई अभिलेख या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। संचालक के पास कोई नियमसंगत अनुमति नहीं मिलने पर एसडीए सचिव अजय कुमार त्रिपाठी, अवर अभियंता प्रदीप त्रिवेदी और रमेश चंद्र वर्मा के नेतृत्व में दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया।
दोनों अभियंताओं ने संयुक्त रूप से प्रस्तुत की रिपोर्ट में बताया कि यह मैरिज लॉन अवैध रूप से रेगुलेशन जोनिंग के प्रावधानों के प्रतिकूल चल रहा था। स्थानीय पुलिस के अलावा नामित मजिस्ट्रेट, नायब तहसीलदार सदर ने मौके पर जाकर मैरिज लॉन को सील कर दिया।