रामपुर कलां में हाईवे पर खुले अवैध कट से निकलते लोग। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर-पलिया के निर्माणाधीन हाईवे पर गांव रामपुर कलां में अवैध कट छोड़े जाने के कारण हुई दुर्घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक सवार को पकड़ लिया।
शाहजहांपुर से पलिया तक हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। सिंधौली, पुवायां के गंगसरा और खुटार से गांव रामपुर कलां में साइड पटरी का निर्माण किया गया है। साइड पटरी और हाईवे के बीच में छोटा डिवाइडर बनाकर लोहे के एंगल लगाए गए है। गांव रामपुर कलां में पड़सर और माधौपुर जाने वाली सड़कों पर अवैध रूप से कट छोड़ दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार सुबह लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव मूड़ा निजाम निवासी वीरेंद्र कुमार का 15 वर्षीय पुत्र शुभम रामपुर कलां के शहीद ऊधम सिंह स्कूल में पढ़ने के लिए साइकिल से जा रहा था। इस दौरान पड़सर रोड से हाईवे पर आने के बाद खुटार की ओर से जा रहे एक बाइक की चपेट में आ गया।
हादसे में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी पाकर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और बाइक सवार को पकड़ लिया। गांव के लोगों का कहना था कि इस अवैध कट के खुले होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं लेकिन निर्माणाधीन कंपनी के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझी है। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि अवैध कट खुले होने की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी।