मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत के व्यावसायिक भूखंड पर मोहल्ला कायस्थान निवासी एक व्यापारी के स्तर से कराया गया अवैध निर्माण शनिवार को तिलहर के तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने जेसीबी से हटवाकर भूखंड को कब्जामुक्त करा दिया। उन्होंने यह कार्रवाई नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम की पुलिस से की गई शिकायत के आधार पर की।
ईओ ने थाने में पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि नगर के मुख्य चौराहा पर ओवरब्रिज के सामने नगर पंचायत कार्यालय परिसर की जमीन है। इस जमीन पर नगर पंचायत शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण करा रही है, लेकिन इसी जमीन के पास मोहल्ला कायस्थान निवासी एक व्यापारी पक्का निर्माण करके अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
तहसीलदार ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जेसीबी से अवैध निर्माण तोड़वा दिया। तहसीलदार ने बताया है कि कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा कब्जे का प्रयास करने पर व्यापारी को कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान नायब तहसीलदार मनु माथुर, प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह सेंगर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और कई वार्ड सदस्य मौजूद रहे। संवाद