खुदागंज/शाहजहांपुर। थाना खुदागंज पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान फरीदपुर रोड चिरचिरा पुलिया के पास सामने घेराबंदी कर एक कार से तीन आरोपियों को अवैध शराब की 40 पेटी के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर उस पर कंपनी का रेपर व क्यूआर कोड लगाकर प्रदेश में शराब की बिक्री करते थे। वे शराब बेचने पीलीभीत जा रहे थे। गाड़ी से 40 पेटी में लगभग 1917 पौव्वे व तीन मोबाइल बरामद हुए। क्यूआर कोड पर यूपी एक्साइज एप द्वारा स्कैन करने से एक ब्रांड की शराब प्रदर्शित हो रही थी, जबकि बरामद शराब पौव्वों पर दूसरे ब्रांड का लेबल लगा था।
एसओजी प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार व थानाध्यक्ष खुदागंज वकार अहमद ने बताया कि जनपद जींद, हरियाणा के बरसोला निवासी दलजीत सिंह, बड़ौदा थाना उचाना का अमन और मेरठ के थाना नौचंदी मोहल्ला शास्त्रीनगर के कुलदीप को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एक सफेद रंग की कार में 40 पेटी में लगभग 1917 पौव्वे छोटी बोतल शराब बरामद की गई। तीनों के विरुद्ध थाना खुदागंज में एक्साइज एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। संयुक्त टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, थानाध्यक्ष वकार अहमद खान, आबकारी निरीक्षक फरजंद अली, उप निरीक्षक राजपाल सिंह आदि शामिल रहे।
बता दें कि आरोपियों को थाना सदर बाजार पुलिस द्वारा पहले भी शराब की तस्करी करते हुए एक ट्रक में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में थाना सदर बाजार में आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया था।