इसके बाद आईजी ने प्लेटफार्म पर घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फिर उन्होंने भोजनालय, जीआरपी की बैरकों का भी निरीक्षण किया, वहां पर उनका ध्यान मूलभूत सुविधाओं पर ज्यादा रहा। वह जीआरपी के जवानों से खुलकर मुखातिब हुए और उनसे बातचीत करके जानकारी ली। इसके बाद वह करीब 12 बजे स्टेशन से रवाना हो गए। इस दौरान उनके साथ शाहजहांपुर क्षेत्र के सीओ जुगल किशोर भी मौजूद रहे।
15 फरवरी से ट्रेनों में एफआईआर लिखना होगा शुरू
आईजी ने बताया कि किसी भी घटना की रिपोर्ट लिखाने के लिए यात्रियों को ट्रेन से नहीं उतरना पड़ेगा। ट्रेन में रिपोर्ट दर्ज कराने की शुरुआत 15 फरवरी से की जाएगी। इसके लिए जीआरपी को तीन बार प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के संबंध में आईजी ने जीआरपी के जवानों से पूछताछ भी की।
एक हजार पुलिस कर्मियों का प्रस्ताव भेजा
आईजी ने कहा इलाहाबाद क्षेत्र में अभी चार हजार के करीब जवान हैं। कम फोर्स की बात पर कहा कि एक हजार जवान बढ़ाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा चुका है। इस पर मंजूरी मिलते ही जवानों की कमी दूर हो जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।
छह अनुभागों में जीआरपी की एसओजी टीमें गठित
आईजी ने यह भी बताया कि गोरखपुर, आगरा, झांसी, लखनऊ, इलाहाबाद सहित छह अनुभागों में जीआरपी की एसओजी टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीम रेलवे में अपराध पर कंट्रोल करने का काम करेंगी।
बड़े स्टेशनों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
आईजी ने बताया कि रेलवों स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था हाईटेक करने के लिए बड़े स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे कि स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
महिला कोच में बैठे पुरुष यात्री को उतरवाया
प्लेटफार्म का निरीक्षण करने के दौरान आईजी एंटनी ने कानपुर जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस के महिला कोच में एक पुरुष यात्री को बैठे देखा तो उसे उतारने के निर्देश दिए। इस पर उसे महिला कोच से उतारकर दूसरी बोगी में बैठा दिया गया। वह अपनी पत्नी के साथ की वजह से महिला कोच में बैठ गया था।