फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जांचे पीसीएफ के गोदाम

Sun, 25 Oct 2015 12:06 AM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
इफको की बोरियों में डीएपी उर्वरक की घटतौली के मामले को कंपनी के प्रबंध तंत्र ने गंभीरता से लिया है। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा यह मामला पकड़े जाने के बाद निर्माता कंपनी इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जिले में पीसीएफ के सभी गोदामों का निरीक्षण किया। आरंभिक जांच में शक की सुई पुवायां क्षेत्र के गांव टेहरी स्थित पीसीएफ के गोदाम पर तैनात स्टाफ पर टिक गई है। हालांकि, पीसीएफ के जिला प्रबंधक ने इस संदेह को नकारते हुए घटतौली के लिए इफको के ठेकेदार पर शक जताया है।
विज्ञापन


घटतौली से जुड़ा यह है पूरा मामला
किसानों द्वारा खाद की बोरियों में उर्वरकों की मात्रा कम निकलने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बीते मंगलवार को बंडा के इफको किसान सेवा केंद्र पर छापा मारा। इस दौरान पीसीएफ के टेहरी गोदाम से इफको की डीएपी लोड करके लाए गए ट्रक से नौ बोरियां कब्जे मेें लेकर उनकी तौल कराई थी। इस दौरान सभी बोरियों में डीएपी की मात्रा 825 ग्राम से लेकर 2.325 किलो तक कम पाई गई।

इसलिए पीसीएफ के स्टाफ पर गहराया संदेह
जिस ट्रक से उतारी गईं बोरियों की तौल कराई गई वह टेहरी गांव के पीसीएफ गोदाम से चलकर इफको किसान सेवा केंद्र पहुंचा था। हालांकि, पीसीएफ के जिला प्रबंधक नरेंद्र यादव ने शनिवार को अपने अधीनस्थों का यह कहते हुए बचाव किया कि पकड़े गए ट्रक पर डीएपी खाद इफको के जिला मुख्यालय स्थित गोदाम से लोड कराई गई थी। इसके विपरीत ट्रक चालक मुंशी लाल के कब्जे से वरिष्ठ निरीक्षक को मिला बिल्टी प्रपत्र यही प्रमाणित करता है कि पकड़ा गया ट्रक पीसीएफ के टेहरी गोदाम पर लोड किया गया था।
विज्ञापन


इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक ने देखे पीसीएफ के गोदाम
मामले की जानकारी पाकर यहां आए इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक सीपी पांडेय ने कंपनी के सभी गोदामों सहित पीसीएफ के टेहरी ढुकरी, चौढ़ेरा, मिश्रीपुर और जलालाबाद स्थित गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रहे पीसीएफ के जिला प्रबंधक नरेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक पांडेय ने उनके विभाग के चारों गोदामों के मेजरमेंट सिस्टम को भी चेक किया, लेकिन उनमें कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। इसी आधार पर जिला प्रबंधक यादव टेहरी गोदाम के स्टाफ को क्लीन चिट दे रहे हैं।

इफको निदेशक मंडल को पेनाल्टी नोटिस जारी
विधिक माप विज्ञान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक विजय मिश्रा ब्रांडेड रासायनिक उर्वरक की घटतौली के सनसनीखेज मामले में इफको और पीसीएफ दोनों एजेंसियों की लिप्तता स्वीकार कर रहे हैं। उनके मुताबिक चूंकि, कंपनी की बोरियों में खाद कम निकली, इसलिए प्रथम दृष्टया इफको को इस गड़बड़ी के लिए दोषी मानते हुए कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल सभी 37 सदस्यों को नोटिस जारी करके उन्हें पेनाल्टी की धनराशि जमा करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें