शाहजहांपुर। बिजली निगम की टीम के चेकिंग के दौरान विवाद की घटनाएं सामने आने के बाद बिजली निगम ने संज्ञान लिया है। अधीक्षण अभियंता (एसई) जेपी वर्मा ने स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन किया। उन्हाेंने कर्मियों से स्पष्ट किया कि अनियमितता मिलने पर उपभोक्ता से विवाद करने के बजाय उच्च अधिकारियों को सूचित करें।
15 मई को जमौर उपकेंद्र की बिजली निगम की टीम के साथ चेकिंग के दौरान मारपीट की घटना हो गई थी। मीटर दिखाने से इन्कार करने पर उपभोक्ता से उलझने पर सचिन और अभिषेक ने आठ से दस लोगों के साथ टीम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। घटना का एसई ने संज्ञान लेते हुए दिशा-निर्देश जारी किए। बताया कि मीटर रीडर के साथ संविदाकर्मी को भेजा जाए। अनियमितता मिलने पर विवाद करने के बजाय नियंत्रक अधिकारी को जानकारी दें। बिल में कमी मिलने पर जेई व एसडीओ से समस्या को दूर कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मीटर में रीडिंग स्टोर पाए जाने पर रीडिंग को फीड कर फोटो खींच लें, जिससे उपभोक्ता विवाद नहीं कर सकेंगे। बिजली चोरी मिलने पर जेई व एसडीओ को सूचित करें। घर के अंदर मीटर लगे हाेने पर एक्सईएन मीटर को सूचित करें। उन्होंने एसडीओ को निर्देशित किया कि बिलिंग में खराब पाए जाने पर मीटरों का विवरण लिखित में एई मीटर भेजें। इसी तरह एक्सईएन खराब या मैकेनिकल मीटर पाए जाने पर उसी माह हर हाल में बदलवाकर फीड कराएं।
विद्युत कर्मचारी के साथ अभद्रता मामले में हुआ समझौता
अल्हागंज। थाना क्षेत्र के गांव मऊ शाहजहांपुर में विद्युत कर्मचारी और उपभोक्ता के बीच विवाद में थाने में समझौता हो गया है। उपकेंद्र के कर्मचारी सज्जन कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि रसीद मांगने पर उपभोक्ता नौशाद ने अभद्रता की। वहीं दूसरी तरफ नौशाद ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि कर्मचारी ने गलत नीयत से घर में घुसकर गाली-गलौज की। थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में जांच के दौरान ही दोनों पक्षों के मध्य लिखित समझौता हो गया है। संवाद