शाहजहांपुर। रोजा के जमुका गांव निवासी 26 वर्षीय रोशनी की मौत के मामले में शनिवार सुबह हरियाणा से पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के रपड़िया नवादा गांव निवासी पिता सर्वेश ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। शराब पीने से रोकने पर उसे गर्म पानी डालकर जलाया गया।
सर्वेश ने बताया कि वह हरियाणा में परिवार के साथ रहकर मजदूरी कर गुजर करता है। बेटी रोशनी की शादी करीब छह साल पूर्व सुरेंद्र के साथ की थी। दामाद दहेज से संतुष्ट नहीं था। उन्होंने बताया कि दामाद शराब बहुत पीता था, इसलिए बेटी उसे शराब पीने से मना करती थी। शराब के लिए टोकने पर वह बेटी के साथ मारपीट करता था।
धार्मिक तस्वीरों को कमरे में लगाने नहीं देता था। शुक्रवार की सुबह बेटी रोशनी ने फोन पर अपनी मां फूलन देवी को बताया था कि उसके पति ने उसपर गर्म पानी डालकर जला दिया है। फिर देर शाम पुलिस के जरिय बेटी की मौत की खबर मिली। आरोप है कि बेटी की हत्या की गई है। पहले अंगौछे से बेटी का गला दबाया, फिर उसे फंदे से लटका दिया गया है। बेटी का पांच वर्षीय एक बेटा कार्तिक है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।