जलालाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अजय। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। जलालाबाद के गुनारा गांव की प्रीति की शुक्रवार शाम धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे हत्या का कारण नहीं उगलवा पाई है। आला-ए-कत्ल भी बरामद नहीं हो सका है।
हरदोई जिले के थाना शाहाबाद क्षेत्र के गांव कालागाड़ी निवासी मां सुशीला ने जलालाबाद थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बेटी प्रीति की शादी एक साल पहले गांव गुनारा निवासी अजय के साथ की थी। दामाद व उसके परिवार के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे।
यह बात बेटी ने फोन पर बताई तो उसे मायके बुलवा लिया था। एक जून को दामाद प्रीति को विदा करा लाया। शुक्रवार की शाम दामाद अजय, उसके भाई विजय, भाभी रेशमा, ननद बिट्टो, बहनोई मुकेश व शादी कराने वाले रामविकास ने मिलकर गर्भवती बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को कोलाघाट के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
आला-ए-कत्ल बरामद करने के लिए पुलिस उसे लेकर घूमती रही। लेकिन आला कत्ल बरामद करने में कामयाबी हाथ नहीं लगी है। हत्या का कारण पूछने पर उसने चुप्पी साध ली। दूसरी ओर पोस्टमाॅर्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा प्रिजर्व कर लिया गया। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।