खुटार सीएचसी पर शरीफउल्ला का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद
खुटार। पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव गहलुइया निवासी दंपती की बाइक में कार की टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। उनके 20 वर्षीय पुत्र गुलाब खां की मौत हो गई।
गांव के शरीफउल्ला अपनी पत्नी मीरा बी और पुत्र गुलाब खां के साथ बाइक से खुटार के गांव चठिया में ईद मिलने रिश्तेदारी में जा रहे थे। सुबह दस बजे खुटार बंडा रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास कार की टक्कर शरीफ उल्ला की बाइक में लग गई। हादसे में शरीफउल्ला, उनकी पत्नी और पुत्र घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ लग गई।
राहगीरों की सूचना पर यूपी-112 पुलिस और 108 सेवा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया। सूचना पाकर घायलों के परिजन सीएचसी पहुंचे और सभी को इलाज के लिए पीलीभीत ले गए। गुलाब खां को पीलीभीत से बरेली ले जाने की सलाह दी गई। बरेली ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
गुलाब खां के पिता और मां का पीलीभीत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार और बाइक को थाने पर खड़ा करा लिया है। गुलाब खां की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
खुटार सीएचसी पर शरीफउल्ला का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी। संवाद