शाहजहांपुर के खुटार रेंज की बिलंदापुर बीट के चठिया बलरामपुर जंगल में सोमवार सुबह को अचानक आग लग गई। इससे इलाके में खलबली मच गई। आसपास के लोगों ने बताया कि आग सुबह छह बजे ही लग गई थी। दिन में साढ़े 11 बजे एक किसान ने गांव सुजानपुर के प्रधान सतनाम सिंह को आग लगने और आग के जंगल से होते हुए खेतों की और फैलने की आशंका जताते हुए मदद मांगी। खेतों में आग पहुंचने की आशंका से प्रधान सतनाम सिंह, बलकार सिंह, गुरविंदर सिंह, रजविंदर सिंह, एकमजोत सिंह, नवजोत सिंह, सुखविंदर सिंह, रंजीत सिंह सहित तमाम ट्रैक्टर, हैरो, पावर स्प्रे मशीनें लेकर जंगल में पहुंचे।
किसानों ने जुताई करने के साथ ही स्प्रे मशीन से पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। किसानों ने वनकर्मियों के साथ ही फायर ब्रिगेड और खुटार पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिसकर्मी और वनकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। पुवायां से दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और दिन में दो बजे आग पर बमुश्किल काबू पाया।
ये भी पढ़ें- UP: 'कसाइयों को जहन्नुम भेजा तो सपा को परेशानी...', अखिलेश पर बरसे योगी; पढ़ें बरेली दौरे की बड़ी बातें
आग से तमाम पौधे जलकर खाक हो गए। साथ ही तमाम छोटे जंतु भी आग की भेंट चढ़ गए। आग जंगल किनारे खेतों में पहुंचने से बच गई, जिससे गेहूं की फसल में नुकसान होने से बच गया। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी की जा रही है। वनकर्मी नुकसान का आंकलन करने में भी जुटे हैं। रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगने की सूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे थे। फायर ब्रिगेड टीम, पुलिसकर्मियों और किसानों की मदद से आग बुझा ली गई है। आग से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।