जलालाबाद। गुलड़िया गांव में अरुण कुमार के घर में पड़े छप्पर में बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। उस वक्त अरुण अपनी भांजी की शादी में मीरानपुर कटरा गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बेटा मौजूद था। आग लगी देख मां-बेटे ने शोर मचाया तो आसपास के लोग बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सामान, गद्दे-रजाई, आलू व अरबी के बीज और पास में ही लगा भूसे का कूप जलकर नष्ट हो गया।
शुक्रवार को सुबह गांव पहुंचे लेखपाल ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया। अरुण का आरोप है कि रंजिश के चलते गांव के व्यक्ति ने उनके घर में आग लगा दी, जिससे करीब 40 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, अभी इस मामले मेंं थाने में तहरीर नहीं दी गई है। संवाद