कांट कस्बे में बस स्टैंड के पास मंगलवार शाम तांगा से माल उतारने के दौरान गिरा तांगा चालक वहां से गुजर से रहे ट्रक की चपेट में आ गया। बाजार में मौजूद लोग मौके की दौड़े लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया। नाराज भीड़ भागते ट्रक को रुकवाने के लिए पीछे दौड़ी तो ट्रक को बीच सड़क पर ही खड़ा कर चालक और परिचालक कूदकर भाग निकले। फिर लोगों ने मृतक के परिवारीजनों के साथ मिलकर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद काफी समझा-बुझाकर पुलिस ने जाम खुलवाया।
मृतक की शिनाख्त नासिर (45) पुत्र लल्लू के रूप में हुई है। वह कांट क्षेत्र के ही केले वाली चौपाल (टिकरी) की निवासी था। मंगलवार शाम करीब पांच बजे कस्बे के कारोबारियों के माल की खेप लाकर वह बस स्टैंड के पास अनलोडिंग में जुटा था। उसी क्रम में तांगे पर उसका संतुलन बिगड़ा और माल के साथ सड़क पर आ गिरा। उसी दौरान जलालाबाद की ओर से शाहजहांपुर को जा रहे लोडेड ट्रक के पिछले पहिये की चपेट आकर बुरी तरह घायल हो गया। जब तक लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी करते, उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर परिवारवाले बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। साथ पहुंचे मोहल्ले वाले और बाजार के लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मृतक आश्रित को मुआवजा दिलाने और डीएम को बुलाकर वार्ता कराने की मांग करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रजी अहमद ने करीब दो घंटे तक मानमनौव्वल कर भीड़ को शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भीड़ के छंटने और लाश को हटाने के बाद जलालाबाद - शाहजहांपुर रूट पर रात साढ़े आठ बजे ट्रैफिक धीमी गति से सुचारु कर दी गई थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे ने लेकर थाने ले गई है।