शाहजहांपुर के कांट थाने से होमगार्ड की बाइक चोरी करने वाले सेहरामऊ दक्षिणी निवासी होमगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कद और एक पैर से हल्का लंगड़ाने के चलते पहचान हुई। शराब की लत पूरी करने को वर्दी पहनकर बाइकों को चोरी करता था। पुलिस ने उसके पास से बाइक भी बरामद कर ली है।
25 सितंबर को कांट के गांव मथुरा निवासी होमगार्ड हरिपाल सिंह की बाइक थाने के अंदर से चोरी हो गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद थाने के अंदर से बाइक चोरी पर कांट पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। थाना परिसर में लगे कैमरे में खाकी वर्दी पहने और मुंह पर गमछा बांधकर युवक जाते नजर आया। चेहरा नहीं दिखने के कारण पुलिस को तलाशना मुश्किल हो गया।
पाकिस्तानी शुमायला की कहानी: जिसने फर्जीवाड़ा कर पाई नौकरी, अब होगी वेतन की वसूली; मां भी थी शिक्षक
इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने फुटेज से फोटो निकालकर पहचान कराना शुरू किया। उसकी पहचान होने पर पुलिस ने तलाश शुरू की। इंस्पेक्टर ने बताया कि सेहरामऊ दक्षिणी के गांव ऐठापुर व हाल निवासी रोजा के लोदीपुर निवासी मोहित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। वह भी होमगार्ड है। वह एक अधिकारी के यहां बंगले पर तैनात था। उसके पास से बाइक भी बरामद कर ली गई है।