शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की परीक्षा के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में बैठक हुई। 25 से 27 अप्रैल के बीच होने वाली परीक्षा 13 केंद्राें पर होगी।
डीएम ने बताया कि परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में कुल 5424 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है।
उन्होंने परीक्षा में शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि परीक्षा नकल-विहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एसपी सौरभ दीक्षित, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।