तिलहर। शाहजहांपुर के सदर बाजार क्षेत्र की नई बस्ती का रहने वाला दूसरे समुदाय का एक युवक एक युवती को प्रेम प्रसंग के चलते उसे गत बुधवार को सुबह अपने साथ ले आया। शनिवार सुबह मंडी समिति के पास प्रेमी युगल होने की सूचना पर हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष नीरज वर्मा कई कार्यकर्ताओं के पहुंच गए ओर युवती के परिजनों को वहीं बुला लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में गालीगलौज और मारपीट होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रेमी युगल को पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर चली गई।
उन्होंने युवती के परिजनों को भी सूचना देकर वहां बुला लिया। दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दोनों से पूछताछ के दौरान युवक ने युवती के चाचा और हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष से गाली-गलौज करते हुए हाथापाई और मारपीट की कोशिश की। सूचना मिलने पर 112 पीआरबी पुलिस टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल को थाने ले गई।
बाद में प्रभारी निरीक्षक ने सूचना देकर सदर बाजार पुलिस को बुला लिया। बाद में दोनों को सदर पुलिस अपने साथ लेकर शाहजहांपुर चली गई। इस बीच, दल के जिलाध्यक्ष ने पकड़े गए युवक पर अपने और युवती के चाचा के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने युवती के अपहरण के आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट भी हुई है, लेकिन इस मामले में कार्रवाई थाना सदर बाजार पुलिस करेगी और युवक-युवती वहीं के रहने वाले हैं। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि सूचना पर पुलिस युवक और दूसरे समुदाय की युवती को थाने ले आई थी। बाद में दोनों को थाना सदर पुलिस को सौंप दिया गया। सीओ के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों की जांच की जा रही है।