कांट। सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानें बनवाने वाले पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रईस खां और उनके भाइयों सहित 22 लोगों के अवैध निर्माण मंगलवार को जेसीबी से ढहा दिए जाएंगे। नगर पंचायत की ओर से संबंधितों को शनिवार को नोटिस जारी कर उनसे अपने अवैध कब्जे तत्काल हटा लेने के लिए कहा गया है।
नगर पंचायत के लिपिक नितिन शर्मा ने इस मामले में गत वर्ष 21 जुलाई को पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सहित उनके भाइयों शहजाद खां, शकील खां, रिजवान खां, रजी अहमद खां, शफी अहमद खां, मंसूर खां और कस्बा निवासी जुग्गन, ईशाक अली, शाकिर अली, सबीदराज खां, कविदराज खां, पप्पू , इकरार खां, इस्लाम खां, मुमताज अहमद खां, फूलबानो, इब्ने, इन्ने, बबिता वर्मा, ललित और सुल्तान खां के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने अभायन मोड़ के पास नगर पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से दुकानें बना ली हैं। राजस्व विभाग की पैमाइश में भी कब्जा अवैध पाए जाने पर नगर पंचायत ने उन्हें नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कोई कब्जा नहीं हटा। इस पर संबंधितों को दोबारा नोटिस जारी कर कहा गया है कि आठ सितंबर को अवैध कब्जे हटाकर कब्जेदारों से इस पर होने वाला व्यय भी वसूल किया जाएगा। ईओ नूरजहां ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए दोबारा नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
दूसरी जगह पर दुकानें शिफ्ट करने के लिए अधिकारियों से दो महीने का समय मांगा गया है। यह लोगों की रोजी-रोटी से खिलवाड़ है।
-रईस मियां, पूर्व चेयरमैन, नगर पंचायत कांट