शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिंजई निवासी 25 वर्षीय हिमांशु वर्मा की मौत डूबने से हुई थी। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी नहीं मिले हैं। इसकी पुष्टि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में हुई है। पुलिस मामले की विवेचना कर मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा रही है।
12 सितंबर को हिमांशु घर से निकला था। उसके बाद वह नहीं लौटा। मां के एसपी से मिलने के बाद उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। सोमवार को चौथे दिन सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के परासिन गांव के पास गर्रा नदी में उसका शव उतराता मिला था।
रात में मां सुमन ने टैटू व अंगूठी देखकर बेटे के शव की पहचान की। इसके बाद हिमांशु की महिला मित्र पुलकी रस्तोगी, उसके पिता सुनील रस्तोगी के अलावा राजन मिश्रा, जितिन व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। उसकी रिपोर्ट पुलिस के पास पहुंच गई है। चौक कोतवाली प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हिमांशु की मौत डूबने से आई है। उसकी कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी नेता पर धमकाने का आरोप
हिमांशु का शव मिलने के बाद उसकी मां सुमन ने एक व्यापारी नेता पर धमकाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि नेता ने उनके बेटे को बहुत धमकाया था। पहले कहा था कि 220 ग्राम सोना ले गया। फिर एक करोड़ रुपये का सोना लेकर जाने का आरोप लगाया था। मां का आरोप है कि साजिश के तहत बेटे का अपहरण किया गया। संवाद