खुटार। शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर खुटार से निकलते ही जलभराव के कारण सड़क तालाब बन गई है। जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं, जिस कारण कांवड़ियों से लेकर अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हाईवे के दोनों ओर घर ऊंचाई पर होने के कारण घरों का पानी भी हाईवे पर ही भर रहा है। लगभग साल भर से पानी भरे होने के बाद भी एनएचएआई के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी समस्या का समाधान कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।
-
तिकुनिया चौराहा से कई माह से पानी से गुजर रहे लोग
नगर में मेन रोड से तिकुनिया चौराहा जाने वाले रोड पर गुरुद्वारे के पास हर समय जलभराव रहता है। इससे लोगों को गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ता है। साल भर से गंदा पानी भरा है। लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
मैलानी रोड पर जर्जर हाईवे पर पानी भरा
शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर तिकुनिया चौराहे से निकलते ही मैलानी रोड पर तालाब बन गया है। वाहन चालकों को समझ ही नहीं आता कि सड़क पर कहां गड्ढे है और किधर से निकलना है। यहां रोजाना बाइक सवार गिरकर चोटिल होते हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं देते।
-
गैस एजेंसी के पास से भी निकलना मुश्किल
मैलानी रोड पर ही गैस एजेंसी के पास भी सड़क का बुरा हाल है। गंदे पानी में गहरे गड्ढे हो गए हैं। पानी भरा होने से गड्ढों का पता नहीं चलता और ई-रिक्शा, बाइक आदि पलट जाने से लोग घायल हो जाते हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र देने के साथ ही अधिकारियों को भी पत्र दिए गए, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने भी साधी चुप्पी
विधायक चेतराम के पैतृक गांव हंसपुर जाने के लिए मैलानी रोड होकर जाना पड़ता है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। स्थानीय नेता भी बड़े नेताओं से समस्या के समाधान के लिए पैरवी नहीं करते हैं, जिस कारण वाहन चालक और आसपास के लोग बेहद परेशान हैं।
नगर पंचायत से वार्ता कर समस्या का हल निकाला जाएगा। मैलानी रोड पर एनएचएआई के अधिकारियों को जानकारी देकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-सदानंद सरोज, एसडीएम पुवायां
खुटार में तिकुनियां पर इसी पानी के बीच से गुजरते हैं लोग। संवाद- फोटो : ramnagar news
खुटार में तिकुनियां पर इसी पानी के बीच से गुजरते हैं लोग। संवाद- फोटो : ramnagar news