एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने दो छात्रों को टक्कर मार दी और इसके बाद बाइक एक घर में जा घुसी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव पिपरिया हरिश्चंद्र निवासी बबलू का पुत्र कुलदीप अपने साथी गांव के ही धर्मेंद्र के पुत्र गोपाल के साथ रविवार शाम कोचिंग के लिए गांव के ही राजेंद्र सिंह के घर के बाहर बैठे थे। दोनों छात्र बंडा
के सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा पांच के छात्र हैं। राजेंद्र के यहां बंडा के एक शिक्षक ट्यूशन पढ़ाने आते हैं। शिक्षक के लेट होने के कारण दोनों छात्र मकान के बाहर बोरी बिछाकर बैठ गए।
इस बीच बंडा कसबे की ओर से आ रही एक बेहद तेज रफ्तार बाइक चालक बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक दोनों छात्रों को टक्कर मारती हुई पास के मकान में जा घुसी। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से भाग निकला। हादसा होते देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर पहुंचे और छात्रों के परिवार के लोगों को हादसे की सूचना दी।
इससे घर में कोहराम मच गया। दोनों छात्रों को बंडा सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। गोपाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
उधर हादसे के बाद मौके से भागे बाइक चालक बंडा के मोहल्ला पसियापुर निवासी आशीष कनौजिया का लोगों ने पीछाकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बालियान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।