हाईस्कूल के टॉपर सत्यदेव को उसके घर पर सम्मानित करते विद्यालय प्रबंधक। स्रोत : विद्यालय प्रबंधन
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। कस्बे के महेंद्रसिंह शांति देवी इंटर काॅलेज के हाईस्कूल के छात्र सत्यदेव के जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय प्रबंधन ने उनकी कॉपी- किताबें, स्कूल की फीस और कोचिंग फीस माफ करने की घोषणा की है।
विद्यालय के प्रबंधक शरद यादव शुक्रवार को दोपहर प्रधानाचार्य महेश पाल सिंह और कई शिक्षकों के साथ सत्यदेव के घर बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव बंडिया खुर्द पहुंचे। उन्होंने टॉपर सत्यदेव को आशीर्वाद देकर मिठाई खिलाई और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कॉलेज के प्रबंधक ने कहा कि होनहार विद्यार्थियों के लिए विद्यालय सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहता है।
सत्यदेव ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इसलिए उनकी स्कूल फीस, किताबें और कोचिंग फीस माफ करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान अनुपम सिंह, मनोज यादव, प्रिंस तोमर, राजेश यादव, सोनी त्रिपाठी, राजेंद्र गुर्जर, प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।