हादसे की जानकारी जुटाते रेलवे के अधिकारी।
सहरसा से अमृतसर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस से हुआ हादसा
चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी, अधिकारी मौके पर पहुंचे
शाहजहांपुर। सहरसा से अमृतसर जाने वाली 15531 जनसाधारण एक्सप्रेस से रोजा के हथौड़ा गांव के पास मवेशियों का झुंड टकरा गया। ट्रेन से 14 मवेशी कट गए। इंजन के चालक की सूचना पर अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक साफ कराया। करीब 15 मिनट के बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।
रविवार की रात जनसाधारण एक्सप्रेस को लोको पायलट प्रशांत तिवारी और सहायक ध्रुव नारायण रोजा से आगे लेकर पहुंचे थे। रात करीब 12 बजे शाहजहांपुर और रोजा के बीच हथौड़ा गांव के बीच अचानक मवेशियों का झुंड ट्रेन के सामने आ गया। चालक ने हॉर्न बजाने के साथ ही आपातकालीन ब्रेक लगाए। तब तक मवेशी ट्रेन की चपेट में आ चुके थे। मवेशियों के टकराने के बाद मांस के लोथड़े इंजन में फंस गए। चालक ने तुरंत ही कंट्रोल और पॉवर केबिन को सूचना दी। कंट्रोल ने अपलाइन की ट्रेनों को रोक दिया। इसके बाद चालक ने इंजन को चेक किया। इस बीच रोजा रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से ट्रैक को साफ कराया। तब दस मिनट के बाद गाड़ी को आगे रवाना किया जा सका।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हथौड़ा गांव के पास ट्रेन के चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया। चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोक लिया। अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। यदि ट्रेन की रफ्तार तेज होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मवेशी टकराने की सूचना मिलने पर अपलाइन की ट्रेन को रोजा में रोककर रेलवे ट्रैक साफ कराया था। उसके बाद ट्रेन का संचालन शुरू करा दिया था।
- जेपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक रोजा