फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गर्मी चरम पर... बेपटरी हो गई बिजली व्यवस्था

विज्ञापन
जलालाबाद में विद्युत निगम के अ​धिकारियों के साथ बैठक करते विधायक हरिप्रकाश वर्मा। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। जून के दूसरे पखवाड़े में गर्मी के चरम पर पहुंचने के साथ ही बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। ओवरलोडिंग के कारण बंच लाइनें जलने और ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी लोग बेहाल हो उठे हैं। शहर में लगभग हर घंटे बिजली ट्रिपिंग हो रही है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की रात इस वर्ष की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री पहुंच गया। दिन में भी तेज धूप और उमस रही। बुधवार रात न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी इजाफे से अब रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। ऊपर से बिजली संकट ने लोगों की हालत खराब कर दी है।
एसी, कूलर, पंखे समेत बिजली चालित अन्य उपकरणों के चलते बिजली की लाइनों पर बोझ बढ़ गया है। बंच लाइनें गर्म होकर जलने लगी हैं। जंपर भी पिघल रहे हैं। ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने से फॉल्टों की झड़ी लग गई है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे केरूगंज फीडर पर 11 केवीए लाइन का जंपर टूट गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केरूगंज फीडर के करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं को आपूर्ति दी गई। रात करीब 11 बजे एक मीनार वाली मस्जिद के पास कब्रिस्तान वाली लाइन में एक फेस जल गया। लोगों ने उपकेंद्र पर कॉल कर सूचना दी। तब फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।
इसी उपकेंद्र के भुल्लन खां की चौपाल के पास भी फेस की समस्या रही। मोहल्ला तिलहरजई में तड़के एक बजे बिजली गुल हो गई। करीब तीन घंटे तक लोग बिजली के लिए तरसते रहे। रात 12 बजे आवास विकास उपकेंद्र के आवास विकास की बिजली ठप हो गई। यहां भी एक घंटे तक लोग इंतजार करते रहे।
शुक्रवार को दोपहर में बरतारा फीडर ओवरलोडिंग के कारण ट्रिप हो गया। उपकेंद्र के फीडरों को टुकड़ों में बिजली आपूर्ति देकर जैसे-तैसे व्यवस्था चलाई गई। बहादुरगंज उपकेंद्र पर भी शट डाउन लेकर कार्य कराया गया। इसके चलते करीब एक घंटे तक बिजली ठप रही। एसई अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि गर्मी के चलते बिजली की खपत बढ़ने पर ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ गई है। इसके चलते फॉल्ट हो रहे हैं।

अल्हागंज के गांव मऊ में चार दिन से नहीं आई बिजली

अल्हागंज उपकेंद्र के मऊ गांव में चार दिन से बिजली का संकट बना हुआ है। लोगों ने कई बार उपकेंद्र पर कॉल कर सूचित किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला। इसके चलते एसई को कॉल कर सूचना दी। यहां लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए भी दूसरे गांव जाना पड़ रहा है।
-
गर्म ट्रांसफॉर्मर को ठंडा करने के लिए डाला पानी



बिजली की खपत बढ़ने पर तेज धूप के चलते उपकेंद्रों पर लगे दस एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड होने के साथ ही गर्म होने लगे हैं। गर्म होने से उनके फुंकने की आशंका रहती है। ऐसे में उपकेंद्रों पर ट्रांसफॉर्मर पर कूलर लगाने के साथ ही पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। अटसलिया उपकेंद्र पर पानी का छिड़काव कर ट्रांसफॉर्मर ठंडा किया गया।
-

कटरा के कई मोहल्लों में आठ घंटे गुल रही आपूर्ति
मीरानपुर कटरा। बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे मोहल्ला इस्लामनगर फीडर की बंच लाइन जल गई। इसके चलते मोहल्ला इस्लानमगर, कायस्थान नादिरशाह, मुगलान की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सुबह होने पर पानी का संकट खड़ा हो गया। सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस्लानमगर मोहल्ले की बंच केबल के फुंक जाने से कई मोहल्लों की आपूर्ति बाधित हुई थी। संवाद

जलालाबाद में चार घंटे बत्ती गुल, विधायक ने एक हफ्ते में सुधार के दिए निर्देश
जलालाबाद। भीषण गर्मी में नगर सहित मिर्जापुर, अल्हागंज और कलान क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बिजली संकट को लेकर विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने नाराजगी जताई है। बृहस्पतिवार की रात नगर के कई मोहल्लों में चार घंटे तक आपूर्ति ठप रहने पर उन्होंने शुक्रवार को विद्युत निगम के अभियंताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें एक सप्ताह में बिजली आपूर्ति में सुधार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद अभियंताओं ने इन सभी समस्याओं के पीछे कई ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता काफी कम होना बताया। अभियंताओं ने बताया कि पूरे क्षेत्र में 180 ट्रांसफार्मरों की क्षमता कम होने से वे ओवरलोडिंग से खराब हो रहे हैं। विधायक ने इन सभी ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि कराने सहित बिजली संबंधी अन्य समस्याओं के निस्तारण का प्रस्ताव बिजली मंत्रालय के अलावा मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का भरोसा दिया।
विधायक ने चेताया कि बिजली व्यवस्था में एक सप्ताह में सुधार नहीं होने पर डीएम से शिकायत करेंगे। बैठक में मौजूद अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप ने कहा कि ओवरलोडिंग रोकने के लिए विजिलेंस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जल्द ही बिजली चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बैठक में एसडीएम प्रभात राय, कलान एसडीएम अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
-
मदारीपुर में ट्रांसफॉर्मर फुंकने से दस दिन से बिजली संकट
निगोही। मदारीपुर गांव में दस दिन पहले जले ट्रांसफाॅर्मर की जगह नया ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगाए जाने से आधे हिस्से में बिजली संकट बना हुआ है। पूर्व प्रधान के भाई अरुण कुमार कन्नौजिया ने बताया कि नौ जून को गांव में लगा 16 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर फुंक जाने पर विद्युत निगम के कर्मचारी उसे उतार ले गए, लेकिन अब तक दूसरा ट्रांसफाॅर्मर नहीं रखा। निगम के अवर अभियंता बृजेश सिंह का कहना है कि गांव में नया ट्रांसफाॅर्मर जल्द लगा दिया जाएगा। संवाद


बिजली उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन के बाद घर लौटे ग्रामीण
पुवायां। गांव लखोहा के बिजली उपभोक्ता बृहस्पतिवार रात बिजली उपकेंद्र पर दो घंटे तक धरना प्रदर्शन के बाद गांव लौट गए। गांव लखोहा के उमाशंकर मौर्य, अनिल कुमार, पप्पू, प्रेमपाल, शिव शंकर, सुमित शुक्ला आदि ने बताया था कि उनके गांव में पांच दिन से ट्रांसफाॅर्मर खराब पड़ा है। भीषण गर्मी में लोग बेहाल हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। एसडीओ राजू कुमार ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर आ गया है। बिजली उपकेंद्र पर ट्रांसफाॅर्मर लगवाने को हीट किया जा रहा है। शाम तक ट्रांसफाॅर्मर लगवा दिया जाएगा। संवाद

जलालाबाद में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करते विधायक हरिप्रकाश वर्मा। संवाद

जलालाबाद में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करते विधायक हरिप्रकाश वर्मा। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें