शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के दौरान पेट में कपड़ा छूटने के मामले में डीएम को कार्रवाई के लिए जांच कमेटी की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। वहीं लखनऊ में ऑपरेशन के बाद महिला को वेंटीलेटर पर रखा गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में छह जनवरी को गर्भवती महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान कपड़ा छूट गया था। इसके बाद एक निजी मेडिकल कॉलेज में दूसरा आपरेशन करने के बाद कपड़ा निकाला गया था। हालत में सुधार न होने पर 14 जुलाई को महिला को लखनऊ के केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
इधर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने शिकायत प्राप्त होने के बाद तीन सदस्यीय टीम बनाई है। जिनसे एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है।
महिला के पति मनोज कुमार ने बताया कि पत्नी का आंत का आपरेशन हुआ है। उसकी हालत गंभीर है। वह वेंटिलेटर पर है। इस हालत में पहुंचाने वाले डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेंगे। कानूनी सलाह ले रहे हैं।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन से जांच कर रिपोर्ट मांगी है। आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद