शाहजहांपुर। परिजनों की डांट से आहत युवक ने नींद की गोलियां खाने और आत्महत्या कर लेने की बात कहते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दिया। 14 सेकंड के इस वीडियो को देखकर इंस्टाग्राम को ऑपरेट करने वाली मेटा कंपनी की निगरानी टीम ने डीजीपी कार्यालय को अलर्ट किया। वहां से सूचना मिलने के 16 मिनट में युवक के घर पहुंची पुलिस ने सीएचसी ले जाकर उसका इलाज कराया। इसके बाद काउंसलिंग कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया।
मीरानपुर कटरा थाने के गांव भुड़िया निवासी हिमांशु गंगवार आईटीआई करने के बाद खेतीबाड़ी करते हैं। उनके माता-पिता रुद्रपुर में रहकर काम करते हैं। पिछले कुछ समय से खेती में फायदा नहीं होने पर परिजनों ने डांट दिया। इससे आहत हिमांशु ने बृहस्पतिवार रात कमरे में जाकर नींद की गोलियां खा लीं। साथ ही इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पोस्ट सामने आने के बाद मेटा ने डीजीपी कार्यालय को अलर्ट भेजा।
रात 11:34 बजे मिली सूचना के बाद बताए गए मोबाइल नंबर और पते पर कटरा थाना प्रभारी ओमशंकर शुक्ला ने एसआई गौरव कुमार और दो सिपाहियों को हिमांशु के घर भेजा। पुलिस के अनुसार, 11:50 बजे टीम मौके पर पहुंच गई। वहां अचेत अवस्था में पड़े हिमांशु को पुलिस ने सीएचसी कटरा में भर्ती कराया। चिकित्सक आरिफ अंसारी ने इलाज किया और उनकी काउंसलिंग की। संवाद
जानकारी मिलने के बाद पुलिस 16 मिनट में हिमांशु के घर पहुंच गई। इलाज के बाद वह स्वस्थ है। परिजनों को भी समझाया गया है।
- मनोज अवस्थी, एसपी देहात