जीएफ कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट के दौरान शाट लगाता खिलाड़ी। स्रोत: कमेटी
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से शहीद कप क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को हांडा इलेवन ने राॅयल क्लब को चार विकेट से हरा दिया। बल्लेबाज अधिकारी की 42 रन की पारी की बदौलत टीम ने आसान जीत दर्ज की।
जीएफ कॉलेज के मैदान पर दोपहर 12 बजे टॉस जीतकर रायल क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। शिखर 24 और अनुराग के 13 रनों की बदौलत टीम ने 99 रन बनाए। हांडा क्लब के गेंदबाज खुशवंत ने दो विकेट हासिल किए। दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांडा क्लब की टीम के बल्लेबाज अधिकारी ने 42 रनाें की जिताऊ पारी खेली।
उनके साथ ही गोपी ने 12 रनों का योगदान दिया। हांडा इलेवन ने चार विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन करने वाले अधिकारी मैन ऑफ द मैच चुने गए। अंपायर हर्ष शुक्ला व मोहम्मद नईम रहे। स्कोरर निशांत थे। इससे पहले मुख्य अतिथि छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष गजेंद्र गंवार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर वरिष्ठ खिलाड़ी मनोज यादव, मोहम्मद रफी, दिलीप शर्मा, शकील खान, मोहम्मद रजा खां आदि मौजूद रहे। आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि सोमवार को दीपावली पर अवकाश रहेगा। मंगलवार को झंडा क्लब और रिजवान स्पोर्टिंग के मध्य मुकाबला होगा।