पुवायां। शाहजहांपुर पलिया हाईवे पर पुवायां से पांच किमी दूर बसे गांव करनापुर में कई समस्याएं हैं।
यहां किसान सहकारी चीनी मिल है। गांव के कई लोगों की जमीन चीनी मिल लगने के समय मिल के लिए अधिग्रहीत कर ली गईं थी। इसके एवज में भुगतान किया गया और लोगों को मिल में नौकरी भी दी गई। बाद में मिल बंद होने से कई लोगों की नौकरी चली गई। मिल अब फिर चल रही है, लेकिन काम आउटसोर्सिंग से कराया जा रहा है। ऐसे में मिल का ज्यादा लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा। गांव के लोगों का कहना है कि चीनी मिल गांव को गोद लेकर विकास कराए। इस बार लोगों ने महिला सीट होने के चलते सहाना बेगम को प्रधान चुना है। प्रधान का कहना है कि वह न सिर्फ समस्याओं का निस्तारण कराने की कोशिश करेंगी बल्कि बरातघर और पंचायतघर भी बनवाएंगी।
एक नजर में ग्राम पंचायत करनापुर
आबादी : 7000
मतदाता : 3500
साक्षरता : 30 प्रतिशत
व्यापार : कृषि, दुकानदारी
स्कूल : एक प्राथमिक स्कूल
प्रमुख समस्याएं
- गांव में कई स्थानों पर रास्ते खराब
- पीने के पानी और जलभराव की समस्या
- बरातघर नहीं
- पंचायत घर नहीं
प्रधान का एजेंडा
गांव में जमीन नहीं मिलने के कारण पंचायत घर नहीं बन पा रहा है। जमीन की तलाश की जा रही है। जल्द निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद पीने के पानी और पानी निकास की समस्या का भी प्रमुख तौर पर निस्तारण किया जाएगा।
-सहाना बेगम, प्रधान गांवसभा करनापुर, पुवायां
गांव में पीने के पानी और पानी निकास की समस्या है। जिस पर काम होना चाहिए। इस समस्या का समाधान होने से पूरे गांव के लोगों को राहत मिलेगी। -मुन्ने खां
गांव में कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग सड़क बन चुकी है, लेकिन कई स्थानों पर अभी और इंटरलॉकिंग होनी है। रास्तों में इंटरलॉकिंग होने से लोगों को निकलने में आसानी हो सकेगी। -इंसान अली
क्षेत्र के कई गांवों में बरातघर बन चुके हैं। हमारे गांव में भी बरातघर नहीं है। बरातघर बनने से पूरे गांव में कार्यक्रम होने पर इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा। पंचायत घर का भी निर्माण होना चाहिए। -सुलेमान