श्री रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष एवं अध्यात्मिक गुरु पार्थसारथी राजगोपालाचारी शनिवार देर रात चेन्नई में महासमाधि में विलीन हो गए। उनके महासमाधि में विलीन होने का समाचार मिलते ही मिशन के अनुयायियों में शोक की लहर दौड़ गई, जिसको भी सूचना मिली वह मिश्रीपुर स्थित आश्रम दौड़ पड़ा। अपने गुरु के अचानक शरीर छोड़ देने से उनके अनुयायी बिलख पड़े। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को चेन्नई में ही किया जायेगा।
बता दें कि पार्थसारथी राजगोपालाचारी 1983 से मिशन का काम देख रहे थे, वह 1964 में महात्मा रामचंद्र महाराज के संपर्क में आए थे। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। आश्रम में शोकसभा कर भावभीनीं श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर केंद्र प्रभारी सर्वेश चंद्रा, आश्रम प्रबंधक रविंद्र कुमार सिन्हा ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यहां से तमाम लोग हवाई जहाज से चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं।