शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में गुर्जर क्रिकेट अकादमी ने बॉक्स क्रिकेट अकादमी को दो विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
बॉक्स क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में आठ विकेट खोकर 225 रन बनाए। जवाब में गुर्जर क्रिकेट अकादमी ने आठ विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बॉक्स क्रिकेट अकादमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज युवराज बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि हिमांशु वर्मा नौ रन ही बना सके। इसके बाद आरके ने 39 और शुभम कपूर ने 28 रन बनाकर पारी को संभाला। याहिया हाशमी ने 27, जतिन कनौजिया ने 31, अंश गौतम ने 38 और सानिध्य दीक्षित ने 20 रनों का योगदान दिया। गुर्जर अकादमी की ओर से प्रसून कुमार और आयुष वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुर्जर क्रिकेट अकादमी की ओर से विकास कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए। अनुज यादव ने 38, मयंक शर्मा ने 36 और अभय सिंह ने 23 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। इन बल्लेबाजों के दम पर टीम ने आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बॉक्स क्रिकेट अकादमी की ओर से आशीष गौतम ने तीन विकेट लिए। इस तरह गुर्जर अकादमी ने दो विकेट से मुकाबला जीत लिया।