शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज से पिकअप में भरकर सर्जिकल सामान चोरी का मामले की जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को जांच टीम ने गार्ड के बयान दर्ज किए हैं। एक गार्ड के अवकाश पर होने के चलते उसके बयान नहीं हो सके हैं।
शनिवार रात को पिकअप में सर्जिकल का सामान चोरी होते सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा था। प्राचार्य के निर्देश पर सीएमएस डॉ.नेपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मामले की जांच कर रही है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट को देना था, लेकिन सदस्यों के अपने कार्यों के चलते तय समय पर बयान तक दर्ज नहीं हो पाए। प्राचार्य से दो दिन का और समय मांगा गया था। बृहस्पतिवार को पिकअप को पकड़ने वाले सुरक्षाकर्मी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जबकि एक अन्य के बयान होना शेष रह गए हैं। प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि जांच पूर्ण होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पल्ला झाड़ा, जांच टीम किसी नतीजे पर नहीं
-प्राचार्य के अनुसार, पिकअप को पकड़ने के बाद उन्होंने थाने में तहरीर भेजी थी, लेकिन पुलिस ने पल्ला झाड़ते हुए पहले विभागीय जांच कराने को कहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राेफेसर घटना के पांच दिन बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाए हैं। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से जांच करती तो राजफाश हो जाता।