लापता फौजी माधव सिंह। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। अमृतसर जयनगर स्पेशल ट्रेन से लापता चंदौली के रहने वाले सैनिक माधव सिंह की तलाश में रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई है। सैनिक का मोबाइल तिलहर स्टेशन के पास बंद मिला है। सोमवार को जीआरपी ने तिलहर स्टेशन के सीसी कैमरे चेक किए। सर्विलांस सेल उनका मोबाइल खुलने का इंतजार कर रही है।
चंदौली के बुद्धपुर थाना धानापुर निवासी 25 वर्षीय माधव सिंह दिल्ली में आर्मी इंजीनियरिंग कोर में तैनात हैं। 16 नवंबर को उनका तिलक व 22 नवंबर को शादी है। वह अवकाश लेकर सात नवंबर को दिल्ली से लखनऊ के लिए स्पेशल ट्रेन में सवार हुए थे। रास्ते से वह लापता हो गए।
घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने लखनऊ थाने के सीसी कैमरे जांचे। परिजन के थाने में तहरीर देने के बाद लखनऊ जीआरपी से केस शाहजहांपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक जय नारायण के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई।
माधव की अंतिम लोकेशन तिलहर में मिली थी इसलिए वहीं से जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज को देखा गया है। आसपास के इलाके में भी जांच की गई है। अभी कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। दूसरी ओर माधव सिंह के परिवार के करीबी अधिवक्ता गौरव सिंह ने एडीजी कानून व्यवस्था से पत्राचार कर उन्हें खोजने की मांग की है।