शाहजहांपुर। राशन वितरण के सत्यापन के दौरान बीते दिन शहर के मोहल्ला महमंद गढ़ी में बंद पाई गई उचित दर की दुकान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने सील कर दी थी। आपूर्ति विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सील तोड़कर दुकान खुलवाई तो उसमें खाद्यान्न का स्टॉक कम निकला। हालांकि, कोटेदार की निशानदेही पर सामने की दूसरी दुकान का शटर खुलवाया तो वहां सरकारी खाद्यान्न रखा मिला। अधिकारियों ने कोटेदार के खिलाफ जिला आपूर्ति अधिकारी को आख्या भेजी है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) बीएस डोलिया बुधवार को दिन महमंद गढ़ी में राशन वितरण का निरीक्षण करने गए तो कोटेदार देवेंद्र कुमार गुप्ता की दुकान बंद मिली, राशन लेने को वहां तमाम कार्डधारक मिले। कोटेेर उन्हेें बायोमीट्रिक मशीन खराब बताकर फिर आने को कह रहा था। एआरओ ने कोटेदार से दुकान खोलकर स्टॉक दिखाने को कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। एआरओ को खाद्यान्न स्टॉक में गड़बड़ का संदेह हुआ तो उन्होंने मशीन कब्जे में लेने के साथ उसके सर्विस इंजीनियर जमीर अहमद को बुला लिया। एआरओ ने सर्विस इंजीनियर से मशीन तत्काल ठीक करा ली और उसे साथ ले आए।
बृहस्पतिवार सुुबह वरिष्ठ क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक वेद प्रकाश के साथ एआरओ डोलिया महमंद गढ़ी पहुंचे और गवाह बनाए कार्डधारकों के सामने दुकान की सील तोड़कर खाद्यान्न स्टॉक की जांच की तो वह कम निकला। पूछताछ पर कोटेदार ने बताया कि खाद्यान्न अधिक मात्रा मेें होने के कारण उसे सामने एक एक दुकान में रखवा दिया था। उस दुकान को खोला गया तो उसमें सरकारी खाद्यान्न पूरी मात्रा में मिल गया, लेकिन इसके लिए विभाग से अनुमति नहीं ली गई। अधिकारियों ने शेष कार्डधारकों को अपनी मौजूदगी मेें राशन वितरण कराने के साथ डीएसओ को जांच आख्या प्रस्तुत की है।
अगर सरकारी दुकान में खाद्यान्न रखने को पर्याप्त जगह नहीं थी तो कोटेदार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को अवगत कराना चाहिए था। बिना सूचना दिए सरकारी खाद्यान्न अन्य स्थान पर रखना उसे छिपाने का प्रयास माना जाएगा। उचित दर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा जाएगा कि उसने किन परिस्थितियों में सस्ता खाद्यान्न दूसरी जगह भंडारित किया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-ओमहरि उपाध्याय, जिला आपूर्ति अधिकारी