शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप में बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद रुपये मांगने पर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी, जिससे सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पंप पर तैनात दूसरे सेल्समैन की ओर से पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खुटार के गांव कढैया निवासी अजय प्रकाश (26) पूरनपुर रोड पर गांव मुरादपुर के पास एस्सार पेट्रोल पंप में सेल्समैन था। इसी पंप पर उसका चचेरा भाई ईश्वरी प्रसाद भी सेल्समैन है। मंगलवार सुबह छह बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पंप पर पहुंचे और बाइक में एक हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया।
अजय ने उनसे जब रुपये मांगे तो बदमाशों ने बिना कोई बात किये उसे तमंचे से गोली मार दी और पूरनपुर की ओर बाइक से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर चचेरा भाई ईश्वरी प्रसाद मौके पर पहुंचा, तब तक अजय ने दम तोड़ दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
खुटार थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया। एसपी शाहजहांपुर एस. आनंद और एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी भी मौके पहुंचे और घटना के चश्मदीदों से जानकारी ली। पुलिस ने ईश्वरी प्रसाद की ओर से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अजय की 22 मई को शादी हुई थी।
एसपी शाहजहांपुर एस. आनंद ने बताया कि खुटार थाना क्षेत्र में एस्सार के पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने सेल्समैन की गोली मार कर हत्या कर दी। परिवार के लोग किसी भी रंजिश से इनकार कर रहे हैं। बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।