भावलखेड़ा। पलिया-लखनऊ हाईवे को फोरलेन बनाने का काम करा रही कार्यदायी संस्था आरसीएल का दनियापुर गांव के पास हाईवे के किनारे रखा करीब 40 हजार रुपये का सामान बृहस्पतिवार की रात चोरी हो गया। यही नहीं, शुक्रवार को निर्माण सामग्री के पास खड़े दो संदिग्धों को टोकने पर उन्होंने कंपनी के गार्ड से गाली-गलौज की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया
लखीमपुर खीरी निवासी आरसीएल कंपनी के ठेकेदार मनोज कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि दनियापुर के पास खन्नौत नदी के किनारे भारी मात्रा में निर्माण सामग्री रखी गई है। अज्ञात व्यक्तियों ने वहां से शटरिंग के करीब 40 हजार रुपये कीमत के 30 हुक चोरी कर लिए। इससे पहले भी वहां चोरी की छिटपुट घटनाएं हो चुकी हैं और इस कारण निर्माण कार्य प्रभावित होता है।
निर्माण सामग्री के पास खड़े दो संदिग्ध व्यक्तियों ने वहां से हटाए जाने पर कंपनी के गार्ड दीपक पांडेय से गाली-गलौज की। सूचना पाकर एसआई अंकुर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी दनियापुर निवासी नन्हे और पप्पू का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है। उन्हाेंने बताया कि चोरी गए सामान और आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है।