शाहजहांपुर। भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ थोपने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के विरोध में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अपने देश के साथ खड़ा है। आईआईए के पदाधिकारियों का कहना है कि भले ही शाहजहांपुर से सीधा कोई माल अमेरिका नहीं जाता लेकिन वे उन उद्यमियों के सहयोग के लिए प्रयासरत हैं जो अमेरिका में माल निर्यात करते हैं। आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि शाहजहांपुर से कोई माल सीधा अमेरिका निर्यात के लिए नहीं जाता है। हालांकि जिन जिलों के उद्यमियों का माल अमेरिका जाता है, वे इस टैरिफ से बहुत प्रभावित होंगे। मुरादाबाद, सहारनपुर से हैंडक्राफ्ट आदि का माल अमेरिका जाता है।
टैरिफ की घोषणा के बाद उन उद्यमियों के ऑर्डर रोक दिए गए हैं। ऐसे में उनको बहुत नुकसान होगा। उनकी मदद के लिए आईआईए तैयार है। अशोक अग्रवाल ने कहा कि आमतौर पर ऐसी स्थिति में माल को ऐसे देश में भेजा जाता है जहां ट्रेड फ्री है। वहां से माल अमेरिका चला जाता है।
ऐसे ही रास्ते तैयार किए जाएंगे जिससे देश के उद्यमियों को टैरिफ का ज्यादा नुकसान न हो। फिलहाल आईआईए देश की सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। अगर सरकार मदद मांगती है तो एसोसिएशन पूरी मदद करेगी। आईआईए के शाहजहांपुर अध्यक्ष रोहित गोयल ने कहा कि जिले के उद्यमी भले ही अमेरिकी टैरिफ से प्रभावित न हो रहे हों लेकिन कई उद्यमी प्रभावित हो रहे हैं। आईआईए इसको लेकर पूर्व में ही घोषणा कर चुका है कि वे सरकार के साथ हैं। अगर किसी स्तर पर सरकार को आवश्यकता होगी तो आईआईए पूरा सहयोग करेगा। संवाद